लक्ष्मणझूला। पौड़ी जनपद में नशे के कारोबार को जड़ से उखाड़ने और नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे ₹5,000 के इनामी मुख्य ड्रग सप्लायर बृजपाल को उत्तरकाशी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी पौड़ी जिले में चरस की बड़ी खेप सप्लाई करने वाले एक बड़े नेटवर्क का मुख्य हिस्सा है।
मामले का खुलासा करते हुए कोतवाल सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि पुलिस पिछले काफी समय से इस नशा नेटवर्क पर नजर रखे हुए थी। इसी साल 1 मार्च को भीमगोड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो तस्करों—मेनपाल और राजकुमार को कुल 1 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद 25 जून को एक और कार्रवाई में चंद्रपाल नाम के आरोपी से भी 1 किलो चरस बरामद की गई थी।
इन गिरफ्तारियों के बाद जब पुलिस ने आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए, तो एक बड़ा खुलासा हुआ। पता चला कि इन सभी छोटे तस्करों को चरस की मुख्य सप्लाई उत्तरकाशी का रहने वाला बृजपाल कर रहा था।
इस खुलासे के बाद से ही पुलिस बृजपाल की सरगर्मी से तलाश कर रही थी, लेकिन वह लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी ने आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया था। आखिरकार, पुलिस टीम ने सटीक रणनीति के तहत जाल बिछाकर मुख्य सप्लायर बृजपाल को उत्तरकाशी से धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।

