हरिद्वार: मठ-मंदिरों में दान चोरी के आरोपों के बाद धार्मिक स्थलों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने गुप्त नवरात्र के पहले दिन मनसा देवी मंदिर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुजारियों की तलाशी ली और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की।

मंदिर में पारदर्शिता बनाए रखने और सुरक्षा पुख्ता करने के लिए श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने पुजारियों को बिना जेब वाले कपड़े वितरित किए। अब सभी पुजारी मंदिर परिसर में बिना जेब वाले वस्त्रों में ही सेवा करेंगे।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने बताया कि अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों के सामने आने के बाद ट्रस्ट ने बेहद सतर्कता बरतते हुए यह फैसला लिया है। इसका मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को किसी भी तरह की ठेस पहुंचने से बचाना है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि दान में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही, उन्होंने मंदिर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर में चढ़ावा या दान देने के बाद उसकी आधिकारिक रसीद अवश्य प्राप्त करें।

