ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के योगनगरी रेलवे स्टेशन पर आज एक बड़ा रेल हादसा होने से हड़कंप मच गया। स्टेशन पर पहुंची उज्जैनी एक्सप्रेस जब वाशिंग लाइन में शंटिंग के लिए जा रही थी, तभी वह अचानक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार तेज होने के कारण ट्रेन वॉशिंग लाइन ट्रैक के एंड पॉइंट पर लगे बफर स्टॉप से जोरदार धमाके के साथ टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इंजन के ठीक पीछे के तीन डिब्बे पटरी से नीचे उतर (डिरेल) गए।
तेज आवाज सुनकर स्टेशन के पास स्थित खांड गांव के ग्रामीण सहम गए और तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी और स्थानीय पुलिस में खलबली मच गई। आनन-फानन में कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी जुटाई।
कोई हताहत नहीं, बड़ा हादसा टला राहत की बात यह रही कि शंटिंग के वक्त ट्रेन खाली थी, जिससे इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने पुष्टि की है कि घटना में कोई भी चोटिल नहीं हुआ है, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
मुख्य रेल मार्ग पर नहीं पड़ा असर यह ट्रेन अपने निर्धारित समय पर शाम को योगनगरी स्टेशन पहुंची थी, जिसके बाद इसे वाशिंग लाइन में भेजा जा रहा था। बुधवार सुबह इसी ट्रेन को वापस उज्जैन के लिए रवाना होना था। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, इस हादसे से योगनगरी-रायवाला मुख्य रेल ट्रैक बाधित नहीं हुआ है और अन्य ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह सामान्य है। फिलहाल हादसा किस तकनीकी खामी या लापरवाही की वजह से हुआ, इसके स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे प्रशासन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।

