
ऋषिकेश: ऋषिकेश स्थित बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण को लेकर स्थानीय निवासियों और संघर्षरत कार्यकर्ताओं का आक्रोश चरम पर पहुँच गया है। लंबे समय से जारी आंदोलन के बीच आज प्रदर्शनकारियों ने एक विशाल रैली निकाली और आईडीपीएल (IDPL) सिटी गेट के समीप राज्य सरकार का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
300 दिनों से जारी धरना, धीरज खो रहे लोग
मौके पर मौजूद समाजसेवी सुधीर राय रावत और स्थानीय पार्षद सत्या कापरुवान ने सरकार और न्याय व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वन भूमि प्रकरण को लेकर चल रहे इस धरने को जल्द ही 300 दिन पूरे होने वाले हैं। इतने लंबे समय से संघर्ष कर रहे क्षेत्रीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का धैर्य अब जवाब दे रहा है, लेकिन शासन-प्रशासन के कान पर जूँ तक नहीं रेंग रही है।
सरकार और न्यायालय से गुहार
समाजसेवी सुधीर रावत ने कहा कि क्षेत्र की आम जनता को उम्मीद थी कि राज्य सरकार स्थानीय निवासियों के पक्ष में कोई राहत भरा निर्णय लेगी, लेकिन सरकार की मंशा इस दिशा में सकारात्मक नजर नहीं आ रही है।
उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) से भी विशेष अपील की कि जिस मामले पर अदालत ने स्वयं संज्ञान (Suo Motu) लिया था, उस पर जल्द से जल्द सुनवाई की जाए और स्थानीय निवासियों की पीड़ा को ध्यान में रखते हुए उचित कदम उठाए जाएँ।
बड़े आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जल्द ही इस प्रकरण पर कोई ठोस और सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो आने वाले दिनों में सरकार के खिलाफ एक बहुत बड़ा और उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

