ऋषिकेश। तीर्थनगरी और एडवेंचर टूरिज्म के वैश्विक केंद्र ऋषिकेश से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ राफ्टिंग के रोमांचक सफर का आनंद लेकर लौटे पर्यटकों और स्थानीय राफ्टिंग कर्मियों के बीच किसी मामूली बात को लेकर हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि खारा स्रोत राफ्टिंग एंडिंग प्वाइंट देखते ही देखते रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामूली कहासुनी और फिर खूनी संघर्ष
मिली जानकारी के अनुसार, पर्यटकों का एक दल राफ्टिंग का सफर पूरा करने के बाद खारा स्रोत एंडिंग प्वाइंट पर पहुँचा था। इसी दौरान किसी अज्ञात बात को लेकर पर्यटकों और स्थानीय राफ्टिंग कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों ने मर्यादाओं को ताक पर रख दिया और एक-दूसरे पर लात-घूंसों की बरसात कर दी।
चश्मदीदों के मुताबिक, यह मारपीट इतनी भीषण थी कि दोनों पक्षों के हाथ में जो भी सामान आया—चाहे वह राफ्टिंग का चप्पू (Oar) हो या हेलमेट—उसे ही हथियार बनाकर एक-दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
घाट पर मची अफरा-तफरी, वीडियो वायरल
इस हिंसक झड़प के दौरान घाट पर काफी देर तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। मौके पर मौजूद अन्य पर्यटक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घाट पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस घटना ने ऋषिकेश आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और स्थानीय राफ्टिंग ऑपरेटरों के पेशेवर व्यवहार पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
जांच में जुटी पुलिस, सख्त कार्रवाई की चेतावनी
हालांकि, अभी तक यह पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है कि यह वीडियो और घटना किस तारीख की है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान: “सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर हुड़दंगियों और मारपीट करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने और इस वैश्विक पर्यटन नगरी की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”

