देहरादून। राजधानी के क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरकारी कार्य में बाधा डालने और अराजकता फैलाने वाले दो युवकों को दून पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। आशारोड़ी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले वैभव गौड़ और सावेज शाह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सरकारी दफ्तर में मचाया था हंगामा
घटना 21 फरवरी 2026 की है, जब आशारोड़ी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रवींद्र कुमार बेडवाल ने थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वैभव गौड़ और सावेज शाह नाम के दो व्यक्तियों ने कार्यालय में घुसकर न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की। इतना ही नहीं, उग्र अभियुक्तों ने कार्यालय परिसर में खड़ी गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की।
एसएसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने कड़ा रुख अपनाया और स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी संस्थानों में अराजकता फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी के निर्देश पर थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस ने टीम गठित कर सुरागरसी शुरू की और घटना के अगले ही दिन, 22 फरवरी को दोनों नामजद आरोपियों को दबोच लिया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है:
- धाराएं: 115(2), 121(1), 132 (राजकीय कार्य में बाधा), 221, 324(4), 351(2) और 352।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
-
- वैभव गौड़ (28 वर्ष): पुत्र शिव प्रसाद सिंह गौर, निवासी चोला चंद्रमणि, थाना पटेल नगर, देहरादून।
- सावेज शाह (27 वर्ष): पुत्र अकरम शाह, निवासी माजरा, थाना पटेल नगर, देहरादून।
दून पुलिस का संदेश: “सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने और लोक सेवकों के साथ अभद्रता करने वालों के विरुद्ध दून पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी।”

