ऋषिकेश: स्वर्गाश्रम का लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र आज एक बार फिर पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया। मामला विधायक रेणु बिष्ट के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने का रहा। पूर्व घोषित कार्यक्रम अनुसार सैकड़ो लोग जानकी सेतु की पार्किंग में एकत्रित हुए। जहां से वह नारेबाजी के बीच जुलूस निकालते लक्ष्मण झूला थाने पहुंचे। यहां लोगों ने जमकर नारेबाजी की और विधायक रेणु बिष्ट के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी हत्याकांड के दौरान गंगा भोगपुर स्थित वनन्तरा रिसॉर्ट पर सबसे पहले विधायक रेणु बिष्ट पहुंची और उन्होंने सबूतों को नष्ट करने के उद्देश्य से रिसोर्ट पर बुलडोजर चलवाया। इस गंभीर मामले में आज तक विधायक पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। इसके अलावा वीआईपी के नाम का भी उजागर न होना सरकार की कार्यशैली पर सवाल है। सरकार ने भले ही इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की संस्तुति कर दी हो लेकिन सिटिंग जज की निगरानी में इस जांच की वकालत नहीं करना भी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।
तहरीर देने गए लोगों ने साफ कहा कि उनकी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। वह राज्य की एक बेटी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बार-बार सड़कों पर उतर रहे हैं। अस्मिता की लड़ाई लड़ने के लिए यह क्रम लगातार जारी रहेगा। इसलिए पुलिस उनकी दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू करें। मौके पर मौजूद पुलिस क्षेत्राधिकार अनुज कुमार ने बताया कि कुछ मांगों को लेकर लोगों ने तहरीर दी है। जिस पर नियम अनुसार जांच के बाद कार्रवाई होगी।

