




ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश 14 सितंबर से शुरू होने वाले 10 दिवसीय गणेश चतुर्थी उत्सव के लिए पूरी तरह तैयार है। पूरे शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल चरम पर है। त्रिवेणी घाट और आशीर्वाद वाटिका सहित ऋषिकेश के प्रमुख स्थलों से लेकर गलियों तक में भव्य और आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजनों की बहार आयोजन समितियों ने इस बार 10 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। उत्सव के दौरान नामचीन भजन गायक और सांस्कृतिक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजकों द्वारा इन कार्यक्रमों का शहरभर में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
बाजारों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
बाजारों में भगवान श्री गणेश की मूर्तियों की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। मूर्तिकारों ने हर वर्ग का ध्यान रखते हुए 200 रुपये से लेकर 20,000 रुपये तक की मूर्तियां बाजार में उतारी हैं। आर्थिक रूप से कमजोर, मध्यम और समृद्ध परिवारों की जरूरतों के अनुसार सस्ती व सुंदर मूर्तियां उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि हर श्रद्धालु अपने घर में विघ्नहर्ता की स्थापना कर सके।

