

उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम का मिजाज बदलते ही राजधानी देहरादून में झमाझम बारिश देखने को मिली, जबकि केदारनाथ धाम समेत प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। पहाड़ों पर बदले इस मौसम ने ठंड का असर और तेज कर दिया है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने आज प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

केदारनाथ धाम में देर रात से ही आसपास की पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी जारी है, जिससे पूरा क्षेत्र सफेद चादर में ढकता नजर आ रहा है। वहीं ज्योर्तिमठ क्षेत्र में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है और ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मंगलवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली, आसमान बादलों से घिर गया और ऊंची चोटियों पर बर्फ गिरने लगी। रूपकुंड, नंदा घुघुटी और त्रिशूल जैसे क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग ने 27 जनवरी को देहरादून में मौसम के और गंभीर होने की चेतावनी दी है। जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट के अनुसार, राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम की इस चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से देहरादून जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश केवल देहरादून जिले तक सीमित रहेगा और अन्य जिलों में स्कूलों के संचालन पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को घर पर ही सुरक्षित रखें और मौसम विभाग द्वारा जारी की जा रही आगामी चेतावनियों पर लगातार नजर बनाए रखें। प्रशासन और मौसम विभाग दोनों ही हालात पर पैनी नजर रखे हुए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।







