

ऋषिकेश: ऑल इंडिया इंटर इंस्टीट्यूट एम्प्लॉइज क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 का खिताब इस बार एम्स ऋषिकेश के नाम रहा। रोमांचक फाइनल मुकाबले में एम्स ऋषिकेश ने एम्स बठिंडा को 37 रन से पराजित करते हुए ट्रॉफी पर शानदार कब्जा जमाया। जीत के साथ ही एम्स ऋषिकेश की टीम में जश्न का माहौल देखने को मिला।
फाइनल मुकाबला एम्स ऋषिकेश और एम्स बठिंडा के बीच खेला गया, जिसमें टॉस जीतकर एम्स ऋषिकेश के कप्तान पीसी मीणा ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने निर्धारित ओवरों में अनुशासित बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 181 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया, जिससे विपक्षी टीम पर दबाव बना।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एम्स बठिंडा की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। एम्स ऋषिकेश के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ और कसी हुई फील्डिंग के दम पर लगातार विकेट चटकाए। नतीजतन, बठिंडा की पूरी टीम 144 रन पर सिमट गई और निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। इस तरह एम्स ऋषिकेश ने 37 रन से फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच के समापन के बाद विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य मनीष चौधरी, परसाराम, प्रशांत, रंगलाल, केहर, सावन, आनंद, भूपी, बलवीर, मोहन चौधरी, एल्विन, धीरज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने विजेता और उपविजेता टीमों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।







