
एम्स ऋषिकेश में कार्यरत महिला अटेंडेंट की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में अब चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। मृतका के पिता ने दावा किया है कि उनकी बेटी को लंबे समय से एक व्यक्ति मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और उसे जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं। रविवार को देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और परिजनों से विस्तार से बातचीत की।
गौरतलब है कि शनिवार रात शिवाजी नगर क्षेत्र में रहने वाली तलाकशुदा महिला की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस को शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि हत्या किसी करीबी या जान-पहचान वाले व्यक्ति ने की हो सकती है, जबकि मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा माना जा रहा है।
पुलिस पूछताछ और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मृतका का कुछ वर्ष पहले अपने पति से तलाक हो चुका था। कोरोना काल के दौरान वह रोजगार की तलाश में ऋषिकेश आई थी, जहां उसने एक दुकान में काम करना शुरू किया। इसी दौरान उसकी मुलाकात सुरेश गुप्ता नामक व्यक्ति से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनका एक-दूसरे के घर आना-जाना होने लगा।

बताया जा रहा है कि सुरेश गुप्ता पहले से शादीशुदा था। जब उसके परिवार को प्रीति और सुरेश के बीच प्रेम संबंध की जानकारी मिली तो घर में विवाद बढ़ने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि सुरेश गुप्ता ने प्रीति से शादी करने के इरादे से लगभग चार महीने पहले अपनी पत्नी से आपसी सहमति से तलाक ले लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शादी से पहले प्रीति और उसके परिजनों ने सुरेश से ऋषिकेश में संपत्ति खरीदने की बात कही थी। इसके बाद सुरेश ने हरिद्वार के लक्सर स्थित अपनी पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख रुपये में बेच दी और ऋषिकेश में प्रीति के साथ रहने के लिए मकान तलाशने लगा। हालांकि, इस राशि में मनचाहा घर न मिलने के कारण दोनों के बीच तनाव बढ़ता चला गया। कहा जा रहा है कि इसी दौरान सुरेश मानसिक अवसाद में भी चला गया था।

पुलिस का मानना है कि आपसी मनमुटाव, मानसिक तनाव और संबंधों में आई दरार इस हत्या की बड़ी वजह हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने कहा है कि मामले से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि यह मामला समाज के लिए एक मिसाल बन सके।
फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

