


देहरादून के दूल्हा बाजार क्षेत्र में गुंजन की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। दिनदहाड़े हुई इस खौफनाक वारदात को देखकर लोग सहमे हुए हैं और साथ ही गुस्से में भी नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों पहले क्षेत्र में इस तरह की कोई वारदात हुई थी और अब इतने लंबे समय बाद इस हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया है।

यह दर्दनाक घटना सोमवार को सामने आई जब एकतरफा प्रेम में पागल एक शादीशुदा युवक ने चापड़ से ताबड़तोड़ वार कर युवती की बेरहमी से हत्या कर दी। पलटन बाजार जैसे व्यस्त इलाके में खुलेआम हुई इस घटना से चारों ओर सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक चापड़ लहराते हुए मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार गोविंदगढ़ निवासी गुंजन 23 वर्ष पलटन बाजार की एक कपड़े की दुकान में कार्यरत थी। उसी बाजार में एक अन्य दुकान पर मन्नूगंज खुड़बुड़ा मोहल्ला निवासी आरोपी युवक आकाश कुमार भी काम करता था। दोनों पिछले करीब तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और इसी दौरान उनके बीच दोस्ती हो गई थी। बताया जा रहा है कि जब गुंजन को युवक के शादीशुदा होने की जानकारी मिली तो उसने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी।
परिजनों और परिचितों का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी युवक उसका पीछा करता रहा और पहले भी दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद हो चुका था। आरोप है कि आरोपी ने गुंजन को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस संबंध में 31 जनवरी को गुंजन के परिजनों ने खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही आरोपी से पूछताछ को जरूरी समझा। इसके ठीक दो दिन बाद ही आरोपी ने सरेआम इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया।
चश्मदीदों के अनुसार सोमवार सुबह करीब दस बजे गुंजन रोज की तरह काम पर पहुंची थी। वह बाजार की गली में अपने एक परिचित के यहां स्कूटी खड़ी करने गई थी, तभी आरोपी स्कूटर से वहां पहुंचा और उससे बात करने लगा। जब गुंजन ने विरोध किया तो आरोपी ने स्कूटर से चापड़ निकाला और अचानक उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने युवती को पकड़कर दीवार की ओर धकेल दिया और गर्दन पर एक के बाद एक कई वार किए। बचाव के प्रयास में गुंजन की अंगुलियां कट गईं और उसका चेहरा भी बुरी तरह जख्मी हो गया।
खून से लथपथ गुंजन वहीं गिर पड़ी और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। जब तक लोग उसे अस्पताल पहुंचाने की तैयारी करते, तब तक उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे पलटन बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और इस जघन्य हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।







