

ऋषिकेश: विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने गुरुवार को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एमडीडीए (मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण) के अधिकारियों के साथ बैठक की और सभी काम समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक बैराज कैंप कार्यालय में हुई। इसमें नेपाली फार्म क्षेत्र में बन रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क के निर्माण कार्य की स्थिति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही कोतवाली ऋषिकेश, उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश और कन्या इंटर कॉलेज ऋषिकेश की दीवारों पर बनाए जाने वाले भित्त चित्रों (म्यूरल पेंटिंग), विधानसभा प्रवेश द्वार पर बनने वाले स्वागत द्वार, शहर में बने डिवाइडरों के रखरखाव और सड़क निर्माण कार्यों पर भी विस्तार से बात हुई।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयसीमा का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विकास कार्यों के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश के समग्र और व्यवस्थित विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है और शहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
अधिकारियों ने विधायक को बताया कि विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं और सभी काम तय समय सीमा में पूरे कर लिए जाएंगे। इस बैठक में सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, पूनम सकलानी, मनीष डिमरी, अमित भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







