

मुनिकीरेती, ऋषिकेश: स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढालवाला में बच्चों को कूड़ा प्रबंधन की जानकारी दी। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को कूड़ा अलग-अलग करने, स्वच्छता बनाए रखने और ट्रिपल आर (Reduce, Reuse, Recycle) के बारे में समझाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने किया। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को कूड़ा प्रबंधन की सही जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने घरों में डस्टबीन जरूर रखें और कूड़ा हमेशा डस्टबीन में ही डालें। उन्होंने बताया कि जो लोग अलग-अलग करके कूड़ा देंगे, उन्हें निकाय की ओर से “स्वच्छता चैंपियन” के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
नगर पालिका की टीम ने बच्चों को चार तरह के डस्टबीन के बारे में बताया—
हरा डस्टबीन: गीला और जैविक कचरा (सब्जी, फल, बचा हुआ खाना, चाय की पत्ती, फूल-पत्तियां)
नीला डस्टबीन: सूखा और पुनर्चक्रण योग्य कचरा (प्लास्टिक, कागज, गत्ता आदि)
लाल डस्टबीन: खतरनाक और बायोमेडिकल कचरा
पीला डस्टबीन: अस्पताल का कचरा
बच्चों को यह भी समझाया गया कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखना क्यों जरूरी है और इससे पर्यावरण साफ रहता है। इस मौके पर सफाई निरीक्षक कमल चौहान, स्कूल की प्रधानाध्यापिका पुनीता झिल्डियाल सहित कई शिक्षक और नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने बच्चों को स्वच्छता अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।







