

Dehradun: श्री झंडे जी मेला इस साल 8 मार्च से 27 मार्च तक चलेगा। यह मेला आस्था, श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक माना जाता है। हर साल होली की पंचमी तिथि पर श्री झंडे जी का आरोहण किया जाता है। 25 फरवरी को श्री दरबार साहिब के प्रतिनिधि सुबोध उनियाल, पंजाब की पैदल संगत के लिए बिहलौलपुर के महंत वियंतदास के नाम का हुकुमनामा लेकर बड़ागांव जाएंगे। इस पर श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज के हस्ताक्षर होंगे। 27 फरवरी को श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज, पैदल संगत के स्वागत के लिए अराईयांवाला जाएंगे।
1 मार्च से संगत का आगमन शुरू होगा
1 मार्च को श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज पैदल संगत के साथ श्री दरबार साहिब में प्रवेश करेंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं का आना शुरू हो जाएगा।
5 मार्च को गिलाफ सिलाई की शुरुआत होगी और उसी दिन पवित्र ध्वजदंड को बांबेबाग से श्री दरबार साहिब लाया जाएगा।
7 मार्च को पूर्वी संगत की विदाई होगी और 9 मार्च को श्रद्धालु दिनभर श्री दरबार साहिब में मत्था टेकेंगे।
8 मार्च को होगा श्री झंडे जी का आरोहण
8 मार्च को सुबह 8 बजे से 9 बजे तक श्री झंडे जी को उतारा जाएगा। इसके बाद स्नान कराया जाएगा। सादा गिलाफ और शनील गिलाफ चढ़ाया जाएगा। श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज सेवकों को आशीर्वाद देंगे। इसके बाद दर्शनी गिलाफ चढ़ाया जाएगा शाम 4 से 5 बजे के बीच श्री झंडे जी का आरोहण किया जाएगा। 10 मार्च को श्री झंडे जी की नगर परिक्रमा होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
देहरादून के परिवार को दर्शनी गिलाफ चढ़ाने का सौभाग्य
इस साल दर्शनी गिलाफ चढ़ाने का मौका देहरादून के पार्क रोड निवासी अनिल कुमार गोयल को मिला है। यह कई सालों बाद हुआ है कि यह अवसर देहरादून के किसी परिवार को मिला है। अनिल कुमार गोयल ने बताया कि उन्होंने करीब 22 साल पहले दर्शनी गिलाफ की बुकिंग कराई थी और अब उनका नंबर आया है।
उन्होंने कहा कि यह मौका प्रभु का आशीर्वाद है। इससे पहले वे शनील गिलाफ भी चढ़ा चुके हैं। जब परिवार को यह खबर मिली तो सभी बहुत खुश हुए। गौरतलब है कि वर्ष 2025 में दर्शनी गिलाफ चढ़ाने का अवसर पंजाब के दो भाइयों को मिला था।







