

उत्तराखंड में जिन लोगों ने अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाए हैं, उन्हें अब झटका लगा है। अब उनकी बची हुई (सरप्लस) बिजली उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) सिर्फ 2 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से खरीदेगा। पहले सरप्लस बिजली खरीदने के लिए कोई तय नियम नहीं था, लेकिन अब उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग के आदेश के बाद नई दर लागू कर दी गई है। यह नई दर 20 अगस्त 2025 से प्रभावी मानी जाएगी।
UPCL ने यह बदलाव नेट मीटरिंग सिस्टम के तहत किया है। नेट मीटरिंग का मतलब है कि उपभोक्ता अपनी जरूरत से ज्यादा पैदा हुई बिजली ग्रिड को देता है और बदले में उसका पैसा मिलता है। UPCL के मुख्य अभियंता (वाणिज्यिक) एनएस बिष्ट द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह फैसला नियामक आयोग के 20 अगस्त 2025 के आदेश के अनुसार लिया गया है। यह नियम वित्त वर्ष 2025-26 और उसके बाद लगाए गए सोलर प्लांटों पर लागू होगा।
अगर आपके घर में महीने में 200 यूनिट बिजली की खपत होती है और सोलर पैनल से 300 यूनिट बिजली बनती है, तो 100 यूनिट बिजली ग्रिड में जाएगी। अब इस 100 यूनिट बिजली के बदले आपको सिर्फ 2 रुपये प्रति यूनिट ही मिलेंगे। सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी चाहे जितनी भी हो, सरप्लस बिजली की कीमत 2 रुपये प्रति यूनिट ही तय रहेगी।
सभी अधिकारियों को निर्देश
UPCL मुख्यालय ने राज्य के सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सोलर उपभोक्ताओं की अतिरिक्त बिजली की बिलिंग नई दर यानी 2 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से करें।
उत्तराखंड में सोलर रूफटॉप की स्थिति
उत्तराखंड में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक 70,183 सोलर रूफटॉप लगाए जा चुके हैं।
अब तक की स्थिति इस प्रकार है:
कुल आवेदन: 1,08,896
तकनीकी रूप से स्वीकृत आवेदन: 1,08,779
लोड सुधार के लिए लौटाए गए आवेदन: 117
लगाए गए सोलर प्लांट: 70,183
कुल क्षमता: 253.88 मेगावाट
निरीक्षण पास कर चुके प्लांट: 66,801







