ऋषिकेश: आगामी चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। यात्रा मार्ग पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए एसडीएम ऋषिकेश के नेतृत्व में सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने का बड़ा अभियान शुरू किया गया है।
बताते चले कि उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा शुरू होने में अब कुछ ही समय शेष है। तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए ऋषिकेश प्रशासन ने शहर की संकरी हो चुकी सड़कों को ‘कब्जा मुक्त’ करने की कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी (SDM) योगेश मेहरा के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने नटराज चौक से लेकर श्यामपुर पुलिस चौकी तक भारी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
नटराज चौक से श्यामपुर तक चली कार्रवाई
प्रशासनिक टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेलों, रेहड़ियों और पक्के निर्माणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान उन लोगों पर सख्त रुख अपनाया गया जिन्होंने हिदायत के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया था; टीम ने उनके ठेले और अन्य सामान को जब्त कर लिया। इस औचक कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार और रेहड़ी संचालक अपना सामान बचाने के लिए उसे पास की वन विभाग की भूमि पर छिपाते नजर आए।
ट्रैफिक के दबाव को कम करना मुख्य उद्देश्य
एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान सबसे ज्यादा यातायात का दबाव श्यामपुर-नटराज बायपास मार्ग पर रहता है। यात्रियों को जाम का सामना न करना पड़े, इसके लिए सड़क का पूरी तरह खुला होना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि:
- यात्रा मार्ग पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- नटराज चौक के अलावा रेलवे रोड, देहरादून रोड, घाट रोड और मुखर्जी मार्ग पर भी जल्द ही इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
नगर निगम और प्रशासन की टीम ने क्षेत्र के व्यापारियों और रेहड़ी संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे सड़कों पर दोबारा अतिक्रमण न करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में फिर से सड़क घेरी गई, तो केवल सामान जब्ती ही नहीं, बल्कि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

