ऋषिकेश। ऋषिकेश में नवनियुक्त उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कुमकुम जोशी ने कार्यभार संभाल लिया है। चार्ज संभालने के साथ ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दी हैं। वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसडीएम कुमकुम जोशी सीधे चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप परिसर पहुंचीं, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खासतौर पर ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन काउंटर की व्यवस्थाओं को देखा और वहां मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनका फीडबैक लिया।
व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश
एसडीएम ने ट्रांजिट कैंप में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों का धरातल पर होगा पालन एसडीएम कुमकुम जोशी ने कहा, “इस समय चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बनाए रखना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देश हैं कि यात्रा में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। उनके इन निर्देशों का धरातल पर पूरी तरह पालन कराया जाएगा।”
ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़
चारधाम यात्रा को लेकर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। एसडीएम ने बताया कि बीते दिन 13 हजार से अधिक श्रद्धालुओं का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कर उन्हें सुरक्षित यात्रा मार्ग के लिए रवाना किया गया। आज भी सुबह से ही लगभग इतनी ही संख्या में श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन कराने के लिए ट्रांजिट कैंप पहुंच रहे हैं, जिनके लिए प्रशासन मुस्तैद है।

