




ऋषिकेश/उत्तराखंड: गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), जल पुलिस और आपदा राहत दल की टीमों को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गंगा तट के प्रमुख घाटों पर टीमों की तैनाती कर नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए चेतावनी घाटों पर तैनात टीमें लाउडहेलर (मशीनी लाउडस्पीकर) के जरिए श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को लगातार जागरूक कर रही हैं। प्रशासन ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति नदी की तेज धारा में न जाए और केवल निर्धारित व सुरक्षित पक्के घाटों पर ही स्नान करे।
तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए किनारे बसे तटीय इलाकों के निवासियों को भी समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। लोगों को सतर्क रहने और जलस्तर ज्यादा बढ़ने पर तुरंत सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित होने की सलाह दी गई है।
आपात स्थिति के लिए पूरी तैयारी SDRF और जल पुलिस की टीमें क्षेत्र में निरंतर गश्त और निगरानी कर रही हैं। आपदा राहत दल ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने और त्वरित राहत व बचाव कार्य के लिए सभी टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं। प्रशासन ने सभी नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं।

