




ऋषिकेश। कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए देहरादून के पुलिस कप्तान (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ऋषिकेश पहुंचे। इस दौरान उन्होंने इंद्रमणि बडोनी चौक पर अधीनस्थों के साथ कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर और माला पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। कांवड़ियों ने भी एसएसपी को माला पहनाकर पुलिस प्रशासन द्वारा की गई बेहतर व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी और एसपी ग्रामीण जया बलूनी के साथ मिलकर शिवभक्तों को फल, खीर और ठंडे शरबत की छबील वितरित की। इसके बाद उन्होंने कांवड़ मेला क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वालों की हौसला अफजाई की।
एसएसपी डोबाल ने बताया कि 11 अगस्त को सावन की शिवरात्रि के पावन अवसर पर तीर्थनगरी के प्रमुख देवालयों—वीरभद्र, सोमेश्वर और चन्द्रेश्वर महादेव मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को चाक-चौबंद रखने के लिए सीओ तुषार बोरा और कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट पूरे क्षेत्र में निरंतर गश्त पर रहेंगे।
कप्तान ने यह भी घोषणा की कि कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद निष्ठा और उत्कृष्ट ढंग से ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

