




ऋषिकेश: चीला मार्ग पर उफान पर आई बीन नदी में SDRF के जवानों ने एक बार फिर अपनी तत्परता और अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक बड़े हादसे को टाल दिया। देर रात नदी के प्रचंड बहाव में पलटी एक मैक्स गाड़ी से SDRF की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना बीते कल लगभग रात 9 बजे की है, जब हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रहा एक मैक्स वाहन चीला मार्ग पर स्थित बीन नदी के तेज बहाव को पार करने की कोशिश में अनियंत्रित होकर नदी में पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की रेस्क्यू टीम बिना समय गंवाए आवश्यक उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची।
मौके पर स्थिति बेहद गंभीर थी। रात का अंधेरा और नदी का रौद्र रूप रेस्क्यू में बड़ी चुनौती बना हुआ था। इसके बावजूद जवानों ने बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
साहस और त्वरित कार्रवाई से टली अनहोनी अभियान के दौरान जवानों को नदी के तेज पानी में बहता हुआ एक व्यक्ति नजर आया। SDRF के जवानों ने रस्सियों और रेस्क्यू उपकरणों के सहारे तुरंत उस व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया। इसके बाद गाड़ी के भीतर फंसे दूसरे व्यक्ति की तलाश शुरू की गई।

गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंसे दूसरे व्यक्ति तक पहुंचने के लिए जवानों ने उफनती नदी की धारा को चीरते हुए रास्ता बनाया और काफी मशक्कत के बाद उसे भी सकुशल बाहर निकाल लिया। SDRF की सटीक रेस्क्यू तकनीक और सूझबूझ से दोनों यात्रियों की जान बच सकी।

SDRF के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रहा था। चालक द्वारा उफनती नदी के बीच से वाहन निकालने के प्रयास में यह हादसा हुआ।
SDRF टीम के इस सफल और साहसिक ऑपरेशन की स्थानीय लोगों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

