




ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के गंभीर मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
शराब पिलाकर दिया वारदात को अंजाम कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि पीड़ित नाबालिग के भाई ने 7 जुलाई को कोतवाली में तहरीर दी थी। शिकायत के अनुसार, 1 जुलाई को उसकी बहन अपनी एक परिचित युवती के साथ आईडीपीएल क्षेत्र में गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद युवकों ने दोनों को शराब पिलाई और पीड़िता के नशे की हालत में होने का फायदा उठाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
गोदाम में रची गई थी साजिश पुलिस जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई कि 30 जून और 1 जुलाई की मध्यरात्रि आरोपियों ने पीड़िता और उसकी परिचित को आईडीपीएल स्थित एक गोदाम में बुलाया था।
आरोपियों की पहचान और भूमिका मामले की जांच के बाद पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों पर शिकंजा कसा:
-
गोविंद और दीपक: इन दोनों आरोपियों की भूमिका नाबालिग पीड़िता के साथ सीधे तौर पर सामूहिक दुष्कर्म करने में पाई गई।
-
शिवम उर्फ शुभम: आरोपी शिवम की भूमिका नाबालिग को बहला-फुसलाकर गोदाम तक लाने और इस पूरी वारदात की साजिश में शामिल रहने की रही।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

