




ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश के मुनिकीरेती क्षेत्र में निजी दोपहिया वाहनों का अवैध रूप से व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) रश्मि पंत के नेतृत्व में तपोवन चौक पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने रैपिडो एवं अन्य ऑनलाइन ऐप्स के जरिए निजी वाहनों से व्यावसायिक सवारी ढोते पाए जाने पर 8 वाहनों के चालान काटे, जबकि 6 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया। जांच के दौरान एक दोपहिया वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाता हुआ भी पकड़ा गया।
रैपिडो का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति एआरटीओ रश्मि पंत ने स्पष्ट किया कि विभाग की शर्तों के अनुसार रैपिडो केवल ‘ट्रांसपोर्ट कैटेगरी’ में पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों का ही संचालन कर सकती है। नियमों की अनदेखी कर निजी वाहनों से व्यावसायिक सेवाएं दिलवाने को गंभीर उल्लंघन मानते हुए विभाग ने रैपिडो का लाइसेंस निरस्त करने के लिए उच्च अधिकारियों को संस्तुति भेज दी है।
सड़क सुरक्षा को लेकर चेतावनी अधिकारी ने बताया कि निजी वाहनों द्वारा पैसों के लालच में अवैध रूप से सवारियां ढोने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जो सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद खतरनाक है। परिवहन विभाग ने चेतावनी जारी की है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

