




ऋषिकेश: देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर छिद्दरवाला में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। रायवाला कोतवाली क्षेत्र में सर्विस रोड पर बेकाबू रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने स्कूटी सवार छात्र को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र को ऋषिकेश एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सामान के साथ दून जा रहा था परिवार, रास्ते में पसरा मातम प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अनिकेत (18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में बीसीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। अनिकेत के पिता जल संस्थान में कार्यरत हैं और उनका हाल ही में कोटद्वार से देहरादून तबादला हुआ था। पूरा परिवार नई उम्मीदों के साथ देहरादून के इंदिरानगर स्थित जल निगम कॉलोनी में शिफ्ट हो रहा था। घर का सामान गाड़ी से भेजा जा रहा था, जबकि अनिकेत अपनी स्कूटी से देहरादून के लिए निकला था।
सर्विस रोड पर हुआ हादसा प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 6 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे अनिकेत छिद्दरवाला सर्विस रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिकेत सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस जांच में जुटी स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में अनिकेत को ऋषिकेश एम्स पहुंचाया, लेकिन सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची रायवाला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसआई जगदम्बा प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। जवान बेटे की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

