




ऋषिकेश: क्षेत्र में अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। इसी कड़ी में ऋषिकेश प्रवर्तन दल ने नियमों की धज्जियां उड़ाकर दौड़ रही नागालैंड नंबर की एक लग्जरी बस को सीज कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
चेकिंग के दौरान जब प्रवर्तन दल ने बस को रोककर जांच की, तो वाहन में गंभीर अनियमितताएं और सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन पाया गया। कागजी दस्तावेजों के अनुसार यह बस 9 सीट और 32 स्लीपर श्रेणी में पंजीकृत थी, लेकिन मौके पर जांच में बस के भीतर अवैध रूप से 50 स्लीपर लगे हुए पाए गए। इसके अलावा बस में निर्धारित क्षमता से अधिक 16 अतिरिक्त सवारियां भी बैठी हुई मिलीं।
मामले की जानकारी देते हुए ARTO प्रवर्तन रश्मि पंत ने बताया कि वाहन का फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति करते हुए बस को तत्काल प्रभाव से कार्यालय परिसर में सीज कर दिया गया है।
परिवहन अधिकारियों ने स्पष्ट चेताया है कि अवैध संचालन करने वालों और यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले वाहन स्वामियों को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की ओर से इस प्रकार की कड़ी प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी।

