




ऋषिकेश। उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में खाताधारकों की गाढ़ी कमाई में लाखों रुपये का गबन करने वाले फरार आरोपी को ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी दीपक बढ़ई को विकासनगर से दबोचने में सफलता पाई है।
ऋषिकेश कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी के अनुसार, बीती 24 मई को उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के सचिव एसएस राणा ने कोतवाली में लिखित तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया था कि बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता (डेली डिपॉजिट एजेंट) के रूप में कार्य करने वाले दीपक बढ़ई ने खाताधारकों से बैंक खातों में जमा कराने के नाम पर विभिन्न तिथियों में कुल 12 लाख 31 हजार रुपये एकत्र किए। आरोपी ने यह राशि बैंक में जमा न कराकर खुद हड़प ली और फरार हो गया।
सचिव की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। आज त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक बढ़ई को विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी से गबन की गई धनराशि के संबंध में पूछताछ कर विस्तृत जानकारी जुटा रही है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया गया है।

