ऋषिकेश: गोवा में 26 से 28 सितंबर तक आयोजित ऑल इंडिया चैंपियनशिप में उत्तराखंड की ‘पहाड़ी ब्वायज’ फुटबॉल टीम ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर गोल्ड मेडल और विनिंग ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। यूथ स्पोर्ट्स एजुकेशन फेडरेशन इंडिया द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के 40+ आयु वर्ग में पहाड़ी ब्वायज की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए अपने सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की और फाइनल मुकाबला जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
राष्ट्रीय स्तर पर खिताबी जीत दर्ज करने के बाद शनिवार को जब विजेता टीम ऋषिकेश पहुंची, तो स्थानीय निवासियों ने उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया। एम्स ऋषिकेश और नेपाली फार्म के पास पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत ढोल-दमाऊ की पारंपरिक थाप और फूल-मालाओं के साथ नागरिक अभिनंदन करके किया गया।
इस मौके पर टीम के ऋषिकेश आगमन पर संयोजक एवं संस्थापक गोपाल रावत, कोच दिग्विजय सिंह तोमर, कैप्टन दीपक बिष्ट, मैनेजर त्रिलोकनाथ गुप्ता, खिलाड़ी शैलेंद्र कुमार अन्थवाल, विजय शर्मा, अनिल रावत, शीशपाल सिंह पोखरियाल और यशवंत सिंह रावत समेत पूरी टीम का अभिनंदन किया गया।
स्वागत समारोह में उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के प्रदेश महासचिव सुधीर राय रावत ने कहा कि 40 से अधिक आयु वर्ग के इन खिलाड़ियों ने इस उम्र में यह बड़ी उपलब्धि हासिल कर न केवल ऋषिकेश बल्कि पूरे राज्य का स्वाभिमान बढ़ाया है। वहीं, टीम के संस्थापक गोपाल रावत ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत प्रदेश के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने और राष्ट्रीय मंचों पर आगे बढ़ने का काम करेगी।

