ऋषिकेश: संकट के समय अदम्य साहस, धैर्य और अद्वितीय कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देकर सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने वाले फ्लाई दुबई विमान के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार के शीघ्र स्वस्थ होने और दीर्घायु के लिए तीर्थनगरी ऋषिकेश में विशेष प्रार्थना की गई।
जानकी झूला स्थित पूर्णानंद घाट पर विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती के दौरान स्थानीय महिलाओं और श्रद्धालुओं ने कैप्टन मछार के उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना करते हुए विशेष अनुष्ठान का आयोजन किया। इस अवसर पर घाट पर उपस्थित महिलाओं और श्रद्धालुओं ने एक स्वर में महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया तथा भगवान बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से कैप्टन स्मित के जल्द से जल्द पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ‘ज्ञानी जी’ ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मां गंगा के पवित्र तट पर एकत्र हुए सभी श्रद्धालुओं ने कैप्टन स्मित मछार की जांबाजी और साहस को नमन किया। उन्होंने कहा, “विमान पर आए संकट के समय जिस तरह कैप्टन मछार ने अपनी जान की परवाह न करते हुए यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और उनकी जान बचाई, वह हर भारतीय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।”
प्रार्थना सभा के दौरान संपूर्ण घाट ‘मां गंगा’ और ‘महामृत्युंजय मंत्र’ के जयकारों से गुंजायमान रहा तथा सभी ने एक स्वर में कैप्टन के शीघ्र आरोग्य की कामना की।

