ऋषिकेश: वीरपुर खुर्द स्थित वीरभद्र मंदिर के समीप स्थित वन भूमि का प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) वैभव कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वन भूमि की सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया और स्पष्ट किया कि यदि भूमि पर कहीं भी अवैध कब्जा पाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएफओ वैभव कुमार ने बताया कि वीरभद्र ब्लॉक क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध गतिविधियों और अतिक्रमण की शिकायतें समय-समय पर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वन भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया है।
उन्होंने क्षेत्र की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि वीरभद्र क्षेत्र में वन विभाग की कुछ भूमि विभिन्न संस्थाओं को लीज पर दी गई है, जबकि एक बड़ा हिस्सा सीधे विभाग के कब्जे में है। भूमि की वास्तविक स्थिति और अतिक्रमण का पता लगाने के लिए विभाग द्वारा एक विशेष सर्वे टीम का गठन किया गया है। वर्तमान में यह टीम मौके पर पहुंचकर पूरी भूमि का सर्वे कर रही है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद ही अतिक्रमण की स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान डीएफओ ने संबंधित वन क्षेत्राधिकारी और स्थानीय वन कर्मियों को क्षेत्र में सतर्क रहने के कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सर्वे या जांच के दौरान किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण सामने आता है, तो भारतीय वन अधिनियम के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

