देहरादून:
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य द्वारा कैंट थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। एसआईटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसपी देहात जया बलूनी ने जानकारी दी है कि इस एसआईटी में क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी विवेचना का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि अन्य सदस्य सहायक टीम के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि मंत्री रेखा आर्य के स्वास्थ्य कारणों से अभी उनके आधिकारिक बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। चूंकि वह इस मामले में मुख्य शिकायतकर्ता हैं, इसलिए उनके बयान दर्ज होने के बाद जांच की प्रक्रिया में और तेजी आएगी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में सामने आई कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग और कूट रचित (फर्जी) दस्तावेजों की भी गहराई से जांच की जा रही है। साक्ष्यों को पुख्ता करने के लिए ऑडियो नमूनों को फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यात्मक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

