ऋषिकेश:
योगनगरी ऋषिकेश के मुनिकीरेती स्थित स्वामीनारायण घाट पर 23 से 27 अक्टूबर तक 9वें ‘महायोग ध्यान कुंभ’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पांच दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन में देश-विदेश से 10 हजार से अधिक योग साधकों के जुटने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को लेकर जीएमवीएन रिसोर्ट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान स्वामीनारायण आश्रम के प्रबंधक सुनील भगत ने सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह महायोग ध्यान कुंभ पीएमसी हिंदी, पिरामिड स्पिरिचुअल मूवमेंट और स्वामीनारायण आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
साधकों के लिए भोजन और ध्यान पूरी तरह निःशुल्क
आयोजकों के मुताबिक, यह 9वां महायोग ध्यान कुंभ पूरी तरह से निःशुल्क है। इसमें भाग लेने वाले सभी साधकों के लिए आवास, भोजन और ध्यान सत्रों की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 8 बजे तक 3 घंटे लगातार लाइव संगीत के साथ विशेष ध्यान सत्र आयोजित किए जाएंगे।
शरद पूर्णिमा पर होगा विशेष ‘फूल मेडिटेशन’
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण शरद पूर्णिमा के अवसर पर होने वाला ‘फूल मेडिटेशन’ होगा। इस दौरान रात्रि में चंद्रमा की पूर्ण कलाओं के बीच अमृत वर्षा, एक तरफ मां गंगा का पावन प्रवाह और दूसरी ओर लाइव संगीत का अनूठा त्रिवेणी संगम साधकों को देखने को मिलेगा।
विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल
इस महाकुंभ के उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अलावा, देश के विभिन्न राज्यों से कई वरिष्ठ न्यायाधीश (जज) और आईएएस अधिकारी भी इस आध्यात्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बनेंगे।

