ऋषिकेश: ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने नशीले पदार्थों के काले कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में चरस और स्मैक बरामद की गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
चेकिंग के दौरान जंगल की ओर भाग रहा था आरोपी
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी की अगुवाई में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। गश्त करते हुए जब टीम जंगलात रोड के पास पहुंची, तब एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखते ही सकपका गया और तेजी से जंगल की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
बरामदगी और आरोपी की पहचान
आरोपी की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके पास से:
-
435 ग्राम चरस
-
14.5 ग्राम स्मैक
-
दो मोबाइल फोन
-
₹1900 की नकदी बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान गुरु चरण सिंह उर्फ मुन्ना (निवासी: चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी ऋषिकेश कोतवाली का चिन्हित हिस्ट्रीशीटर है और उस पर पहले से ही कुल 51 मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में नेटवर्क का खुलासा: पत्नी और दामाद भी शामिल
वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में नशे के इस काले कारोबार से जुड़े दो अन्य बड़े नामों का खुलासा हुआ। आरोपी ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क में उसकी पत्नी शान्ति देवी और उसका दामाद सौरभ बत्रा (मूल निवासी: लखनऊ, हाल निवासी: चंद्रभागा, ऋषिकेश) भी बराबर के भागीदार हैं।
फरार आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश
घटना के बाद से ही आरोपी की पत्नी और दामाद फरार चल रहे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर अन्य आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

