




ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। शहर में चोरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब वे पुलिस स्टेशन के पास भी वारदात करने से नहीं कतरा रहे हैं। ताजा मामला शहर कोतवाली से महज 50 कदम की दूरी का है, जहां बेखौफ चोरों ने एक मेडिकल स्टोर के ताले तोड़कर हजारों की नगदी पर हाथ साफ कर दिया, जबकि एक अन्य दुकान में चोरी का प्रयास विफल रहा।
आधी रात को वारदात, सीसीटीवी में कैद हुए चोर
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली के पास स्थित ‘न्यू कैलाश मेडिकल स्टोर’ को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोरों ने दुकान के शटर के ताले काटकर गल्ले में रखी करीब 15 हजार रुपये की नगदी उड़ा ली।
इसके बाद चोरों ने ठीक बगल में स्थित ‘पुष्कर मेडिकल स्टोर’ का भी ताला काटने की कोशिश की। हालांकि, ताला नहीं कट पाने के कारण चोर इस दुकान के भीतर दाखिल होने में नाकाम रहे और बड़ी चोरी होने से बच गई।
यह पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि:
-
एक शातिर चोर मेडिकल स्टोर के बाहर सोने का नाटक करते हुए शटर में लगे तालों को काट रहा है।
-
उसके दो अन्य साथी कुछ ही दूरी पर स्कूटी पर बैठकर लगातार निगरानी (रेकी) कर रहे हैं।
सुबह शटर उठा देख खुला राज, व्यापारियों में आक्रोश
घटना का पता सुबह तब चला जब स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने कैलाश मेडिकल स्टोर का आधा शटर उठा हुआ देखा। दुकान में चोरी की भनक लगते ही मेडिकल स्टोर संचालक तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जब कोतवाली से महज चंद कदमों की दूरी पर दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो शहर के बाकी हिस्सों का क्या हाल होगा।
पुलिस का बयान: जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी
मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह ने बताया कि:
“चोरी का यह मामला पुलिस के संज्ञान में आ चुका है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें लगा दी गई हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
पुलिस फिलहाल सीसीटीवी के हुलियो और स्कूटी के नंबर के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

