




ऋषिकेश: देहरादून पुलिस ने ऋषिकेश क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में लापरवाही और संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने होटल के मैनेजर और संचालक को भी सलाखों के पीछे भेज दिया है। साथ ही होटल के लाइसेंस निरस्तीकरण (रद्द करने) के लिए एसडीएम ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई है।
क्या है पूरा मामला? 30 अगस्त 2026 को पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी। शिकायत के अनुसार, 29 अगस्त को मुजफ्फरनगर निवासी सोफियान नाम का युवक नाबालिग को बहला-फुसलाकर ऋषिकेश के पुराना रेलवे स्टेशन के पास स्थित ‘होटल गंगा इन’ में ले गया। वहां आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट कर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने नाबालिग को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए धारा 137(2)/65/115(2)/123 बीएनएस और 5/6 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया।
हरिद्वार से पकड़ा गया मुख्य आरोपी, आपत्तिजनक वीडियो बरामद एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर गठित पुलिस टीम ने 31 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर आरोपी सोफियान को हरिद्वार के सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया। पुलिस को तलाशी के दौरान उसके मोबाइल फोन से घटना के समय की पीड़िता की फोटो और वीडियो बरामद हुई हैं।
होटल प्रबंधन की साठगांठ उजागर, बंद कर दिए थे सीसीटीवी जांच में सामने आया कि होटल प्रबंधन ने बिना किसी पहचान पत्र या रजिस्टर प्रविष्टि के नाबालिग को प्रवेश दिया था। घटना की जानकारी होने के बावजूद पुलिस को सूचित नहीं किया गया। आरोपी जब पीड़िता को बाहर ले जा रहा था, तब होटल के सीसीटीवी कैमरे भी बंद कर दिए गए थे।
इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने होटल मैनेजर और संचालक को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद मामले में पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की अन्य धाराएं जोड़ते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
-
सोफियान (21 वर्ष) – पुत्र तुफैल अहमद, निवासी ग्राम गढ़ी, थाना जानसठ, जनपद मुजफ्फरनगर (उ.प्र.)
-
वैभव गुप्ता (34 वर्ष – होटल मैनेजर) – पुत्र देवेंद्र गुप्ता, निवासी देहरादून रोड, ऋषिकेश
-
राहुल अग्रवाल (36 वर्ष – होटल संचालक) – पुत्र विनोद अग्रवाल, निवासी अद्वैतानंद मार्ग, ऋषिकेश
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम: कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी, उप निरीक्षक विकसित पंवार, राजकुमार, निखलेश बिष्ट, महिला उप निरीक्षक ज्योति शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

