




ऋषिकेश: ऋषिकेश पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बैराज रोड पर एक महिला से चेन स्नैचिंग की कोशिश और विरोध करने पर मारपीट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और पीड़िता की सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
मामले की जानकारी देते हुए कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि बैराज कॉलोनी निवासी रेखा त्यागी ने ऋषिकेश कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार, 2 अगस्त को जब वह बैराज रोड पर दूध लेने जा रही थीं, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके गले पर चोट और खरोंचें आईं।
महिला की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। शनिवार को पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से आईडीपीएल गोल चक्कर के पास बाइक सवार दोनों संदिग्धों को धर दबोचा।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पैसों के लालच में इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल कुमार और विकास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से डोडा (जम्मू-कश्मीर) के निवासी हैं। पुलिस दोनों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।

