ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ सार्वजनिक स्थान पर खुलेआम शराब पीने का विरोध करने पर कुछ दबंगों ने दो युवकों पर जानलेवा हमला करते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के बाद मुस्तैद ग्रामीणों ने घेराबंदी करके एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, शिकायतकर्ता रविन्द्र चन्द रमोला आज अपने गांव के साथियों दीपक मेहर और संजय राणा के साथ मकान के पीछे स्थित सड़क पर मौजूद थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन युवक सड़क किनारे बैठकर खुलेआम शराब पीने लगे। जब संजय राणा ने उनके इस कृत्य का विरोध किया और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया, तो आरोपी बदतमीजी और गाली-गलौज पर उतारू हो गए। उस समय संजय राणा के साथ उनका परिवार भी मौजूद था, जिसके चलते उन्होंने विवाद को बढ़ाना ठीक नहीं समझा और वहां से चले गए। इसके बाद शराब पी रहे तीनों युवक भी देख लेने की धमकियां देते हुए वहां से निकल गए।
हथियारों से लैस होकर लौटे बदमाश, झोंक दी गोलियां
घटना के करीब एक घंटे बाद तीनों आरोपी पूरी तैयारी और हथियारों से लैस होकर वापस उसी स्थान पर पहुंचे और संजय राणा को ढूंढने लगे। संजय राणा ने खतरे को भांपते हुए तुरंत फोन कर अपने दोस्तों को वापस बुलाया। जैसे ही संजय राणा के दोस्त जसपाल रावत और मनीष व्यास मौके पर पहुंचे, घात लगाए बैठे तीनों बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग झोंक दी। गोलीबारी की इस अचानक हुई घटना में जसपाल और मनीष दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, एक आरोपी को दबोचा
फायरिंग की आवाज सुनते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख आरोपी घबरा गए और मौके से भागने लगे। हालांकि, ग्रामीणों ने सूझबूझ और बहादुरी दिखाते हुए भाग रहे बदमाशों की घेराबंदी की और आवश्यक बल प्रयोग करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया। ग्रामीणों ने घटना में इस्तेमाल की गई आरोपियों की गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस कार्रवाई और आरोपियों की पहचान
शिकायतकर्ता रविन्द्र चन्द रमोला ने थाना प्रभारी से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान वसीम (निवासी: बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरी गंभीरता से जांच में जुट गई है। फिलहाल घायल युवकों का इलाज जारी है और फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

