




ऋषिकेश: ऋषिकेश के निकट मुनिकीरेती क्षेत्र में भद्रकाली मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। राजस्थान नंबर की पर्यटकों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की चपेट में एक स्कूटी भी आ गई, जिससे उस पर सवार दो स्थानीय युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान गंगानगर ऋषिकेश (गली नंबर 5) निवासी शुभम बिष्ट (24 वर्ष) पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट और गंगानगर ऋषिकेश (गली नंबर 6) निवासी ऋषभ बिष्ट (32 वर्ष) पुत्र विक्रम बिष्ट के रूप में हुई है।
नीलकंठ दर्शन कर लौट रहे थे यात्री बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी यात्री नीलकंठ महादेव के दर्शन करने आए थे और उनकी बस मुनिकीरेती स्थित बस पार्किंग में खड़ी थी। दर्शन के बाद यात्री बस से हरिद्वार की ओर रवाना हुए थे। जैसे ही बस भद्रकाली से नीचे की तरफ आ रही थी, तभी एक मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। प्राथमिक दृष्टि में हादसे का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।
रेस्क्यू ऑपरेशन और ट्रैफिक व्यवस्था घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में मामूली रूप से घायल 13 यात्रियों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क किनारे करवाकर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

