ऋषिकेश: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने ऋषिकेश स्थित एक आश्रम में पार्टी के सभी प्रकोष्ठों की एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय कार्यशाला सह बैठक में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने संगठन की भावी रणनीति और आगामी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में कार्यकर्ताओं व प्रकोष्ठों की भूमिका को लेकर बड़ा बयान दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि भाजपा के कुल 22 प्रकोष्ठ हैं, जो संगठन को निरंतर गतिशीलता प्रदान करने का काम करते हैं। ऋषिकेश में आयोजित इस कार्यशाला में प्रकोष्ठों के पिछले कार्यों की गहन समीक्षा की गई, साथ ही 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और रणनीति तय की गई।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी के सभी प्रकोष्ठों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण और निर्णायक रहने वाली है। चुनाव संबंधी विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
पिछली बार के चुनावी प्रदर्शन और आने वाले चुनावों की संभावनाओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 45 सीटों पर जीत हासिल की थी। लेकिन 2027 के चुनाव में पार्टी अपने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ उत्तराखंड में एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।”
इस बैठक में संगठन को धरातल पर और अधिक मजबूत करने तथा सभी 22 प्रकोष्ठों को चुनावी मोड में लाने का संकल्प लिया गया।

