ऋषिकेश: राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक और गौरवशाली अवसर पर ऋषिकेश के केशव पार्क में एक भव्य एवं अलौकिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज एवं सरस्वती शिशु मंदिर, आवास विकास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों कंठों से निकले देशभक्ति के स्वरों ने संपूर्ण वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
सामूहिक गायन के साथ-साथ छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और मनमोहक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समृद्ध भारतीय संस्कृति का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री सुनील, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महंत लोकेश दास, प्रबंधक गौरव वार्ष्णेय, अध्यक्ष डॉ. शशि कंडवाल, प्रबंधक कृष्ण कुमार सिंघल, इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत और शिशु मंदिर की प्रधानाचार्य पूनम अनेजा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
मुख्य अतिथि विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री सुनील ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि “वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति परम सम्मान, समर्पण और हमारी राष्ट्रीय चेतना की अमर अभिव्यक्ति है।” उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि 150 वर्षों की यह ऐतिहासिक यात्रा हमारी नई पीढ़ी को अपने नागरिक दायित्वों और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का एक अमूल्य अवसर प्रदान करती है।

