हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस ने शनिवार को जिले भर के धार्मिक स्थलों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन कर रहे 94 लाउडस्पीकरों को हटा दिया।
अधिकारियों के मुताबिक, ये सभी लाउडस्पीकर तय सीमा से अधिक तेज आवाज में बजाए जा रहे थे। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों, सरकारी आदेशों और ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों के तहत की गई है।

पुलिस ने जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों में विभिन्न थाना इलाकों के अंतर्गत आने वाले धार्मिक स्थलों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने पर शहरी क्षेत्रों से 31 और ग्रामीण इलाकों से 63 लाउडस्पीकर उतारे गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई ध्वनि मानकों का पालन सुनिश्चित कराने और लोगों को प्रदूषण से राहत देने के लिए की गई है, और आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त नजर रखी जाएगी।

