
देहरादून। केंद्र सरकार द्वारा अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों के लिए दो साल के ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ (सेवा विस्तार) को दी गई मंजूरी का बड़ा असर उत्तराखंड में देखने को मिलेगा। इस फैसले के दायरे में तात्कालिक रूप से राज्य के 1200 अग्निवीर आएंगे। इनमें से 800 से अधिक जवान ऐसे थे, जो इसी वर्ष दिसंबर में अपनी चार साल की सेवा पूरी कर घर लौटने वाले थे। वर्तमान में उत्तराखंड से करीब 4,200 नौजवान सेना में अग्निवीर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
पुनर्वास की जिम्मेदारी अब सैनिक कल्याण विभाग को अग्निवीरों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड सरकार ने भी प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों के रोजगार और पुनर्वास की जिम्मेदारी अब कार्मिक विभाग के बजाय सैनिक कल्याण विभाग को सौंप दी गई है। सैनिक कल्याण सचिव युगल किशोर पंत ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार पहले ही अग्निवीरों के लिए सरकारी सेवाओं, विशेषकर वर्दीधारी पदों में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान कर चुकी है। इसके अलावा, अग्निवीरों की सहायता के लिए गठित छह सदस्यीय ‘अग्निवीर प्रकोष्ठ’ का कार्यकाल, जो पहले एक साल तय किया गया था, अब सेवा विस्तार के नए फैसले के बाद संशोधित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र का जताया आभार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कैबिनेट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला देश के युवाओं के सामर्थ्य पर विश्वास और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके समर्पण को सम्मान देने वाला एक महत्वपूर्ण कदम है।
परिजन बोले: ‘दो साल नहीं, कम से कम 15 साल हो कार्यकाल’ एक तरफ जहां सेवा विस्तार से युवाओं को राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर अग्निवीरों के परिजनों ने इसे नाकाफी बताया है। परिजनों का कहना है कि केवल दो साल के अतिरिक्त सेवा विस्तार से युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और आर्थिक चिंताएं पूरी तरह समाप्त नहीं होंगी।
हल्द्वानी के शीशमहल निवासी देवेंद्र मेहरा, जिनके बेटे लवकुश सिंह डेढ़ साल पहले अग्निवीर बने हैं, ने कहा कि अग्निवीरों को 2 साल के विस्तार के बजाय स्थायी नियुक्ति और कम से कम 15 साल की लंबी सेवा का अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे देश की सेवा के साथ-साथ अपने भविष्य को भी सुरक्षित कर सकें।

