बदरीनाथ। बदरीनाथ मंदिर के दानपात्र (थाली भेंट गणना) में हुई कथित वित्तीय गड़बड़ी के मामले में जांच तेज हो गई है। मंगलवार को गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय टीम जांच के लिए बदरीनाथ पहुंची।
इस विशेष जांच टीम में गढ़वाल कमिश्नर के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) उत्तराखंड के प्रबंध निदेशक संदीप तिवाड़ी और चिकित्सा स्वास्थ्य उत्तराखंड के वित्त निदेशक जगत सिंह चौहान शामिल हैं।
सीसीटीवी कैमरों और परिसर का निरीक्षण जांच टीम मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे बदरीनाथ धाम पहुंची और दोपहर 2:00 बजे तक वहां मौजूद रही। साढ़े तीन घंटे के इस दौरे के दौरान टीम ने मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही चढ़ावा गणना कक्ष और वहां सुरक्षा के लिए लगाए गए सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और व्यवस्थाओं को भी जांचा।
आरोपी अधिकारी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार गौरतलब है कि बीते 2 जुलाई को बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावा गणना कक्ष में दानपात्र के पैसों की गिनती चल रही थी। इसी दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष के सरकारी पीए और प्रोटोकॉल अधिकारी प्रमोद नौटियाल पर रकम में हेरफेर करने के आरोप लगे थे। मामला सामने आने के बाद मंदिर समिति ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को निलंबित कर दिया था।
इसके बाद मामले में एफआईआर दर्ज की गई और चमोली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 जुलाई की देर रात आरोपी प्रमोद नौटियाल को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया था। अब कमिश्नर की अगुवाई में पहुंची यह टीम मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

