
ऋषिकेश:
कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ के ऋषिकेश पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा के शहर में प्रवेश करते ही इंद्रमणि बडोनी चौक और व्यापार सभा भवन के समीप सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह का फूलों की मालाओं से जोरदार और गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कांग्रेस के समर्थन में नारे लगाकर वरिष्ठ नेता का हौसला बढ़ाया।
शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होती हुई यह न्याय यात्रा ऐतिहासिक त्रिवेणी घाट पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के समापन पर प्रीतम सिंह ने न्याय यात्रा को सफल और मजबूत बनाने में जुटे सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
भ्रष्टाचार और अंकिता भंडारी मामले पर सरकार को घेरा
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने प्रदेश की धामी सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार, बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड, अवैध खनन, शराब और भू-माफियाओं के बुलंद हौसलों का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
2027 चुनाव में तख्तापलट का दावा
प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरे को अच्छी तरह से पहचान चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के लोग 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जनता इस बार अपने वोट की चोट से राज्य की सत्ता में बदलाव लाएगी और भाजपा सरकार को बेदखल करेगी।

