
ऋषिकेश:
उत्तराखंड में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से राजनीतिक सरगर्मी तेज होने लगी है। इसी बीच ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से एक नया राजनीतिक विकल्प सामने आया है। ‘उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा’ से जुड़े सुधीर राय रावत ने अपनी नई गठित ‘राज्य स्वराज पार्टी’ के बैनर तले ऋषिकेश विधानसभा सीट से अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
सुधीर राय रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा का गठन वर्ष 2025 में हुआ था। गठन के बाद से ही यह संगठन लगातार जनता के अधिकारों, हितों और स्थानीय समस्याओं को लेकर सड़कों पर संघर्षरत रहा है।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन ने बेरोजगार युवाओं के मुद्दों, मूल निवास, सशक्त भू-कानून और अन्य तमाम जनहित से जुड़े गैर-राजनीतिक विषयों पर हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते हुए लड़ाई लड़ी है।
जनता की सहमति से लिया राजनीति में उतरने का फैसला
सुधीर राय रावत ने स्पष्ट किया कि राजनीति में कदम रखने का यह फैसला अचानक नहीं लिया गया है। जनता के बीच निरंतर कार्य करने और आम लोगों से मिली वैचारिक सहमति व समर्थन के बाद ही चुनावी मैदान में उतरने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से चुनाव आयोग में विधिवत आवेदन कर ‘राज्य स्वराज पार्टी’ के रूप में एक नए राजनीतिक मंच की स्थापना की गई है। इस पार्टी का मुख्य ध्येय राज्य की राजनीति में सकारात्मक बदलाव चाहने वाले और सामाजिक रूप से सक्रिय चेहरों को एक सही एवं मजबूत मंच प्रदान करना है।

