
ऋषिकेश: उच्चतम न्यायालय द्वारा आवासीय कॉलोनियों में व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक से संबंधित आदेश के बाद उत्पन्न संकट को लेकर व्यापारियों की चिंताएं बढ़ गई हैं। इसी सिलसिले में कांग्रेस नेता एवं पूर्व सभासद रवि जैन के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने ऋषिकेश पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष और चकराता विधायक प्रीतम सिंह से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
लाखों परिवारों के सामने आजीविका का संकट ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने अवगत कराया कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में संबंधित विभागों ने सर्वे की प्रक्रिया शुरू कर दी है और कई व्यापारियों को नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई के कारण उत्तराखंड सहित पूरे देश के लाखों छोटे एवं मध्यम व्यापारियों, दुकानदारों और उनके आश्रित परिवारों के सामने बेरोजगारी और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
सरकार के समक्ष मजबूती से पक्ष रखे कांग्रेस: रवि जैन पूर्व सभासद रवि जैन ने बताया कि मुख्य विपक्षी दल होने के नाते कांग्रेस पार्टी से यह मांग की गई है कि वह व्यापारियों की इस गंभीर समस्या को राज्य सरकार और संबंधित प्राधिकारियों के सामने प्रमुखता से उठाए। ज्ञापन में आग्रह किया गया है कि न्यायालय के आदेशों का सम्मान करते हुए एक ऐसा व्यावहारिक, न्यायसंगत और मानवीय समाधान निकाला जाए, जिससे आम दुकानदारों की रोजी-रोटी सुरक्षित रह सके और उन्हें राहत मिल सके।
कांग्रेस व्यापारियों के साथ, समाधान का करेगी प्रयास
प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी इस संकट की घड़ी में व्यापारियों के साथ खड़ी है। रवि जैन के अनुसार, कांग्रेस पार्टी व्यापारियों की आवाज बनकर सरकार के समक्ष उनका पक्ष मजबूती से रखेगी और इस दिशा में कोई सकारात्मक व उचित समाधान निकालने का पूरा प्रयास करेगी।
प्रतिनिधिमंडल में स्थानीय व्यापारी व कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

