देहरादून। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली पवित्र कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला प्रशासन के निर्देशों पर यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में कांवड़ियों को तुरंत इलाज मिल सके। 13 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 11 अगस्त को संपन्न होगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना विभाग की पहली प्राथमिकता है। इसके तहत यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थलों और चेक पोस्टों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी रखेंगी।
24 घंटे चालू रहेंगे मेडिकल रिलीफ पोस्ट (MRP) यात्रा मार्ग पर जगह-जगह मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) बनाए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा चिन्हित श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल में स्थापित एमआरपी 24 घंटे चालू रहेंगे। यहां रोस्टर के हिसाब से डॉक्टरों की शिफ्ट लगाई जाएगी। हर एक पोस्ट पर डॉक्टर, फिजिशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और वार्ड बॉय तैनात रहेंगे, जो किसी भी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल प्राथमिक उपचार देंगे।
बस और रेलवे स्टेशन पर रहेगी एंबुलेंस आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए यात्रा मार्ग पर जरूरी दवाइयों और फर्स्ट एड किट की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की मदद के लिए बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी एंबुलेंस तैनात रहेगी। सीएमओ ने सभी अधिकारियों और मेडिकल स्टाफ को पूरी यात्रा के दौरान मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

