
उत्तराखंड: स्वतंत्र पत्रकार पंकज मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार शाम एक पत्रकार अमित सहगल और उसके मुंबई निवासी दोस्त पार्थोशील को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले दोनों आरोपियों से दिनभर गहन पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस को अहम सुराग मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले दोनों आरोपी पंकज मिश्रा के घर गए थे, जहां उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोप है कि जाते समय आरोपी पंकज मिश्रा और उनकी पत्नी के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए थे।
इस बीच बुधवार को पंकज मिश्रा के शव का डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। हालांकि दूसरी बार की गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका। डॉक्टरों ने मृत्यु के कारणों की पुष्टि के लिए विसरा फिर से सुरक्षित रखने की सलाह दी है, ताकि आगे की फोरेंसिक जांच की जा सके।
एसएसपी अजय सिंह ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि दून विहार क्षेत्र स्थित एक घर में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि यह मकान स्वतंत्र पत्रकार पंकज मिश्रा का है, जो यहां किराए पर रहते थे। पंकज मिश्रा फर्श पर पड़े हुए मिले और तत्काल एंबुलेंस के जरिए उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन उस समय भी मृत्यु का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया। इसके बाद पंकज मिश्रा के लखनऊ निवासी भाई अरविंद मिश्रा और अन्य परिजन पुलिस से मिले। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात को अनारवाला कैंट निवासी अमित सहगल अपने मुंबई निवासी दोस्त पार्थोशील के साथ पंकज मिश्रा के घर आया था। परिजनों का आरोप है कि दोनों ने पंकज मिश्रा के साथ पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट की। घटना के बाद दोनों आरोपी पंकज मिश्रा और उनकी पत्नी के मोबाइल फोन अपने साथ ले गए।
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, मोबाइल चोरी और घर में घुसकर हमला करने जैसी गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। परिजनों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग भी की, जिसे स्वीकार करते हुए शव का पुनः पोस्टमार्टम कराया गया।
इसके बाद पुलिस ने अमित सहगल और पार्थोशील को पूछताछ के लिए बुलाया। लगातार पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामले में परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम से जांच कराई गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अमित सहगल एक न्यूज पोर्टल का संचालन करता है।
मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

