ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 7.43 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस टीम आईडीपीएल गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने आदि नाम के एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.43 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
पैसों के लालच में कबाड़ी बना तस्कर पुलिस पूछताछ में आरोपी आदि ने बताया कि वह कबाड़ बेचने का काम करता है। ज्यादा पैसे कमाने के लालच में वह गली नंबर 15 के रहने वाले ‘टोनी’ नाम के व्यक्ति से स्मैक खरीदकर लाया था। वह इस स्मैक को आईडीपीएल क्षेत्र में बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस उप निरीक्षक अमित कुमार अब स्मैक सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी टोनी की तलाश में जुट गए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि इस गिरोह से जुड़े कुछ और नाम सामने आते हैं, तो उन्हें भी मुकदमे में नामजद कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

