ऋषिकेश: तीर्थनगरी के श्यामपुर क्षेत्र में एक गैस एजेंसी के डिलीवरी कर्मचारी के साथ मारपीट और जान से मारने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से क्षेत्र के गैस एजेंसी संचालकों और कर्मचारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। आक्रोशित कर्मचारियों ने श्यामपुर पुलिस चौकी पर जोरदार प्रदर्शन कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
शराब के नशे में धुत युवक ने लोहे के कड़े से किया हमला
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, एस.एस. इण्डेन गैस एजेंसी (छिद्दरवाला) का वाहन दैनिक गैस वितरण के बाद गढ़ी श्यामपुर से लौट रहा था। वाहन पर दो कर्मचारी, दिनेश और विनोद, तैनात थे। वापसी के दौरान जब वे अदरक खरीदने के लिए रुके, तभी पीछे से स्कूटी पर आए संजू (निवासी गली नंबर 22, गढ़ी मयचक) ने विवाद शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी शराब के नशे में धुत था। उसने पहले ड्राइवर के साथ गाली-गलौज की और जब कर्मचारी विनोद ने बीच-बचाव का प्रयास किया, तो संजू ने अपने हाथ में पहने भारी लोहे के कड़े से विनोद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में विनोद लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आरोप है कि मौके से भागते समय आरोपी ने दिनेश के कंधे पर टंगा कैश बैग छीनने की भी कोशिश की।
पुलिस चौकी पर प्रदर्शन और आंदोलन की चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घायल विनोद को अस्पताल भेजकर उसका मेडिकल कराया। वहीं, घटना से भड़के गैस एजेंसी कर्मचारियों ने पुलिस चौकी का घेराव किया। एजेंसी के मैनेजर ने बताया कि आरोपी पहले से ही अपराधी प्रवृत्ति का रहा है।
कर्मचारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन को विवश होंगे।
”इस राष्ट्रीय आपदा/संकट के समय में अगर डिलीवरी स्टाफ ही सुरक्षित नहीं रहेगा, तो काम करना असंभव है। इस घटना से कर्मचारी डरे हुए हैं। यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो देहरादून जिले की समस्त गैस एजेंसियां आपूर्ति रोकने पर विचार कर सकती हैं।” — गैस एजेंसी प्रबंधन
पुलिस की कार्रवाई
श्यामपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर ले ली है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

