ऋषिकेश। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगा स्नान के दौरान अनियंत्रित होकर गहरे पानी में डूबे उत्तर प्रदेश के एक पर्यटक को जल पुलिस और आपदा राहत दल (SDRF) के जवानों ने अपनी जान पर खेलकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कैसे हुआ हादसा?
शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार, आगरा के फतेहपुर सीकरी से तीन दोस्त—विनीत कुमार, आकाश और आयुष—ऋषिकेश भ्रमण पर आए थे। शिवपुरी स्थित ‘सबमिट होटल’ के पास गंगा घाट पर स्नान करते समय अचानक विनीत का पैर फिसल गया। बहाव तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते नदी की मुख्य धारा के गहरे पानी में समाने लगा।
सांसें थम चुकी थीं, CPR ने दिया जीवनदान
तट पर तैनात जल पुलिस और आपदा राहत दल के जवानों ने जैसे ही युवक को डूबते देखा, उन्होंने बिना एक पल गंवाए उफनती गंगा में छलांग लगा दी। जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए विनीत को लहरों के बीच से खींच निकाला।
नदी से बाहर निकालने के बाद युवक बेसुध था और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। रेस्क्यू टीम ने पेशेवर दक्षता दिखाते हुए मौके पर ही विनीत को सीपीआर (CPR) देना शुरू किया। टीम की इस त्वरित कार्रवाई से विनीत की थमी हुई सांसें वापस लौट आईं।
पुलिस कप्तान ने थपथपाई पीठ
युवक की स्थिति सामान्य होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद उसके साथियों के सुपुर्द कर दिया गया है। टिहरी पुलिस कप्तान आयुष अग्रवाल ने रेस्क्यू टीम के जवानों की इस बहादुरी और तत्परता की सराहना करते हुए उन्हें शाबाशी दी है।
सावधानी ही बचाव है: पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि गंगा का जलस्तर और बहाव अनिश्चित होता है, इसलिए स्नान के दौरान निर्धारित सीमाओं का पालन करें और गहरे पानी में न उतरें।

